बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक के अंतिम गांव कुंवारी से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां जंगली मशरूम खाने के चलते एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है, जबकि उसकी बहू जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मची है।
जानकारी के अनुसार, रविवार 13 जुलाई को कुंवारी गांव की धनुली देवी अपनी बहू कविता देवी के साथ खेतों में काम कर रही थीं। इस दौरान खेत में उगे कुछ जंगली मशरूम दिखाई दिए, जिन्हें दोनों ने इकट्ठा कर घर ले जाकर सब्जी बनाकर खा लिया। खाना खाने के कुछ समय बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों ने प्राथमिक इलाज की कोशिश की, लेकिन जहरीले मशरूम का असर बुजुर्ग धनुली देवी पर इतना गहरा हुआ कि थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। बहू कविता देवी की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें गांव के लिए रवाना हो गईं। कपकोट थानाध्यक्ष खुशवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम को गांव भेजा गया है। वहीं सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और खाद्य सुरक्षा विभाग को मशरूम के सैंपल इकट्ठा करने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में खेतों और जंगलों में उगने वाले कई किस्म के मशरूम जहरीले होते हैं, जिन्हें पहचान पाना आसान नहीं होता। इनमें से कुछ खाने से उल्टी, दस्त, चक्कर, बेहोशी या यहां तक कि मौत तक हो सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे जंगली मशरूम का सेवन न करें, खासकर जब उनकी पहचान पूरी तरह सुनिश्चित न हो।

