नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल से संबद्ध सभी परिसरों और राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की हलचल तेज हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है। कुलपति की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में यह तय हुआ कि आगामी 27 सितम्बर 2025 (शनिवार) को विश्वविद्यालय और उससे जुड़े सभी कॉलेजों में एक साथ छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे।
इस फैसले के बाद छात्र राजनीति में गहमागहमी बढ़ गई है। परिसर से लेकर कॉलेज तक छात्र संगठन रणनीति बनाने में जुट गए हैं। बैठक में स्पष्ट किया गया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप होंगे। चुनाव प्रचार में केवल हस्तनिर्मित पोस्टर, बैनर और पैम्पलेट की अनुमति होगी। साथ ही चुनावी खर्च की सीमा भी तय की गई है—
10 हजार से कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों में अधिकतम ₹25,000
10 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले कॉलेजों में अधिकतम ₹50,000
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितम्बर को चुनाव अधिसूचना जारी होगी। 23 और 24 सितम्बर को नामांकन प्रक्रिया होगी, जबकि 25 सितम्बर को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 26 सितम्बर को छात्रों की आमसभा आयोजित होगी। इसके बाद 27 सितम्बर की सुबह मतदान होगा और दोपहर बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। परिणामों के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का सहयोग लिया जाएगा। उधर छात्र संगठन पहले ही चुनावी माहौल में सक्रिय हो चुके हैं और कांटे की टक्कर देने की तैयारी कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस ओर टिकी हैं कि 27 सितम्बर को कुमाऊँ विश्वविद्यालय और उसके महाविद्यालयों में छात्रसंघ का ताज किसके सिर सजेगा।


