नैनीताल। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार छात्र राजनीति को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि छात्र संघ चुनाव 27 सितम्बर 2025 को आयोजित किए जाएंगे। यह निर्णय कुमाऊँ विश्वविद्यालय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपतियों की सामूहिक बैठक में लिया गया। इसके बाद कुमाऊँ विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, परिसर निदेशक, चीफ प्रोक्टर और कुलसचिव ने आधिकारिक आदेश जारी किए।
शैक्षणिक कैलेंडर में पहले ही सितम्बर माह में चुनाव कराने का प्रावधान था, लेकिन अब तिथि तय होने से परिसरों और सम्बद्ध महाविद्यालयों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। छात्र संगठन चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ कहा है कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष होगी।
नैनीताल परिसर से लेकर प्रदेशभर के कॉलेजों तक इस छात्र राजनीति के महासमर को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
