हल्द्वानी: दीपावली के बाद उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बिजली बिल वसूली अभियान के तहत शनिवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए गए, जिनमें बकायेदारों से लाखों रुपये की वसूली की गई।
अभियान के दौरान टीमों ने कमलुवागांजा, लामाचौड़, बिठौरिया, दमुवाढूंगा, ऊंचापुल, लालडांठ, सुभाषनगर, टीपीनगर, रानीबाग, नवाबी रोड और गौलापार खेड़ा क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से संपर्क किया। इस दौरान कुल 100 बकायेदारों से 64.68 लाख रुपये वसूले गए।
वहीं 12 लाख रुपये से अधिक का बिल जमा न करने पर 18 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए।
एसडीओ शहर यूके भास्कर ने बताया कि तीन स्थानों पर लगाए गए शिविरों के माध्यम से 16 बकायेदारों से 22.68 लाख रुपये वसूले गए, जबकि 7.52 लाख रुपये का भुगतान न करने पर पांच उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
ग्रामीण डिविजन के एसडीओ वी.बी. जोशी ने बताया कि 84 बकायेदारों से 42 लाख रुपये राजस्व वसूला गया, जबकि 4.74 लाख रुपये बकाया रहने पर 13 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया नहीं चुकाने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उपभोक्ताओं को बिल जमा करना अनिवार्य होगा।
