उत्तराखंड: दिवाली पर पूरे उत्तराखंड को रोशन रखने के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने विशेष योजना तैयार की है। निगम ने बताया कि कहीं भी बिजली आपूर्ति में बाधा आने पर उसे न्यूनतम समय में ठीक किया जाएगा। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने कहा कि इन दिनों प्रदेश में बिजली की मांग करीब 4.6 करोड़ यूनिट है, जबकि उपलब्धता भी लगभग इतनी ही है। अनुमान है कि दिवाली के दिन बिजली की मांग पांच करोड़ यूनिट से अधिक पहुंच जाएगी। इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए बाजार से बिजली खरीदी जाएगी।
एमडी अनिल कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिवाली के दौरान बिजली आपूर्ति पर पल-पल नजर रखी जाए। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि यदि कहीं आपूर्ति बाधित हो तो जानकारी तुरंत मुख्यालय तक पहुंचे और समस्या को तुरंत सुलझाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कहीं ट्रांसफार्मर फूंक जाता है तो उसे भी कम से कम समय में बदला जाएगा। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी खंडों में ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
उपभोक्ताओं के लिए यूपीसीएल ने हेल्पलाइन नंबर 1912 जारी किया है, जिस पर सीधे संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा customercare@upcl.org पर ईमेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है।
वहीं, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) ने भी दिवाली के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने की तैयारी की है। यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने सभी हाइड्रो प्रोजेक्ट्स के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिकतम बिजली उत्पादन सुनिश्चित करें। सभी परियोजनाओं पर टीमें तैनात रहेंगी ताकि दिवाली पर पूरे प्रदेश में रोशनी बनी रहे और किसी भी क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या न हो।
