देहरादून: उत्तराखंड में बदलते मौसम के बीच शुक्रवार को अचानक मोबाइल फोन पर आए Emergency Alert ने लोगों का ध्यान खींच लिया। तेज बीप और वाइब्रेशन के साथ आए इस संदेश ने कुछ देर के लिए लोगों में हल्की घबराहट भी पैदा कर दी, क्योंकि एक ही समय में कई लोगों के फोन पर यह अलर्ट दिखाई दिया।
सुबह करीब 10:30 बजे और फिर दोपहर 2 से 3 बजे के बीच यह अलर्ट प्रदेश के कई हिस्सों में एक साथ भेजा गया। इसमें अगले 24 घंटों के दौरान मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में बारिश, बर्फबारी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई।
पिछले दो दिनों से राज्य के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले समय में भी बारिश जारी रह सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दरअसल, यह Emergency Alert एक आधुनिक चेतावनी प्रणाली का हिस्सा है, जिसे Cell Broadcasting System के जरिए भेजा जाता है। यह 4G और 5G नेटवर्क के माध्यम से सीधे मोबाइल फोन पर पहुंचता है और सामान्य मैसेज की तुलना में अलग तरीके से दिखाई देता है, ताकि लोग तुरंत सतर्क हो सकें।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। इस प्रणाली का उद्देश्य संभावित खतरे से पहले अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाना है, ताकि समय रहते सावधानी बरती जा सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे अलर्ट से घबराने की जरूरत नहीं है। यह केवल सुरक्षा के लिए जारी किया जाने वाला संदेश होता है। लोगों को इसे गंभीरता से लेते हुए सावधानी बरतनी चाहिए और किसी भी तरह की अफवाहों से बचना चाहिए।
