नैनीताल: भवाली क्षेत्र के गरमपानी से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आने के बाद परिजनों ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश तेज कर दी है।
परिवार के अनुसार युवती करीब तीन माह से लापता है। हाल ही में मिली जानकारी के बाद पिता भवाली कोतवाली पहुंचे और स्थानीय स्तर पर बारबर की दुकान में काम करने वाले युवक पर बेटी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया। युवती की मां का कहना है कि बेटी का फोन आया था, जिसमें उसने जबरन साथ ले जाने और मारपीट किए जाने की बात कही।
मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ता भी परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में बाहरी लोगों के सत्यापन अभियान चलाने तथा आरोपों की गंभीरता से जांच करने की बात कही। साथ ही इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता जताई।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवती की बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
