प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी: शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजपुरा चौकी के पुलिसकर्मियों पर युवक की कथित पिटाई और धमकाने का आरोप लगा है। इससे क्षुब्ध युवक ने घर पर जहर खाकर जान देने की कोशिश की। परिजनों ने समय रहते उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, राजपुरा पड़ाव वार्ड नंबर 13 निवासी बबलू कश्यप नैनीताल रोड स्थित एक मॉल में कार्यरत है। पांच अक्तूबर की सुबह पुलिस ने उसे मोबाइल व नकदी चोरी के शक में चौकी बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने चौकी में बबलू को बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, आठ अक्तूबर को भी उसे चौकी बुलाकर फिर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने शुक्रवार शाम को घर पर जहर खा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और समाजसेवी अस्पताल पहुंचे और बबलू से मुलाकात की। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बबलू की सास बबली पत्नी चेतराम ने इस पूरे मामले की तहरीर शनिवार को कोतवाली में दी, लेकिन पुलिस ने पहले इसे स्वीकार नहीं किया। देर शाम मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने तहरीर रिसीव की।
अस्पताल में भर्ती बबलू ने बताया कि वह निर्दोष है और दिनभर मेहनत से काम करता है। उसने कहा कि पुलिस ने पहले ही चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर लिया था, फिर भी उसे नकदी चोरी के झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने कहा कि “तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
