नैनीताल: जिले में आगामी 28 सितंबर 2025 से आयोजित होने वाले दुर्गा देवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, नगर के गणमान्य लोगों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य धार्मिक महोत्सव को सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य रूप से सम्पन्न कराना रहा।
महोत्सव समिति ने दी तैयारियों की जानकारी
बैठक में दुर्गा देवी पूजा महोत्सव समिति के संयोजक त्रिभुवन फर्त्याल ने समिति की ओर से मेले की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पहले भी दुर्गा देवी पूजा महोत्सव के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराता रहा है और इस बार भी समिति को उम्मीद है कि वही सहयोग प्राप्त होगा। समिति ने महोत्सव को धार्मिक भावना और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्थाओं की मांग की ताकि श्रद्धालु, स्थानीय लोग और पर्यटक उत्सव का पूरा लाभ ले सकें।
प्रशासन ने दी स्पष्ट दिशा-निर्देश
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि:
नगर पालिका नैनीताल नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट और अन्य सुविधाओं का समुचित प्रबंध सुनिश्चित करे।
विद्युत, पेयजल और लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
थाना प्रभारी नैनीताल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए ट्रैफिक नियंत्रण करें, विशेषकर मां दुर्गा देवी की डोला यात्रा के दौरान तय मार्ग पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाए।
लोक निर्माण विभाग सड़क किनारे पड़ी निर्माण सामग्री को समय रहते हटाकर राह आसान करे।
दशहरा पर्व का भी होगा भव्य आयोजन
बैठक में यह भी तय किया गया कि 2 अक्टूबर 2025 को दशहरा पर्व के अवसर पर डीएसए मैदान में पूर्व की भांति रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थल होने के नाते दोनों पहलुओं का ध्यान रखते हुए आपसी सहयोग से आयोजन को सफल बनाया जाएगा।
विभिन्न विभागों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, होटल एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल, राम सेवा सभा समेत अन्य संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, थाना अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पेयजल विभाग, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, केएमबीएन, लोक निर्माण विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


