गोवा के रेस्टोरेंट में अग्निकांड
पणजी/अरपोरा (गोवा): गोवा के अरपोरा स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में बीती रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें कई पर्यटक भी शामिल हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में देर रात सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख –राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताया और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। पीएम ने गोवा के मुख्यमंत्री से बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली।
रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन- एएनआई के अनुसार, अरपोरा स्थित रेस्टोरेंट-कम-क्लब में आधी रात करीब 12:04 बजे आग लगी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीमों ने रात भर मशक्कत कर सभी शवों को बाहर निकाला और घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
सरकार सख्त कार्रवाई करेगी – मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि यह घटना पर्यटन राज्य के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग बिना अनुमति या सुरक्षा मानकों के व्यवसाय चला रहे थे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा,
“यह बहुत दुखद घटना है। 25 लोगों की जान चली गई। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।”
स्थानीय विधायक माइकल लोबो ने बताया कि मृतकों में 3 महिलाएं और 20 पुरुष शामिल हैं। कई लोग पर्यटक थे, जबकि कुछ कर्मचारी थे जो बेसमेंट में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मौतें दम घुटने से हुईं क्योंकि लोग बेसमेंट की ओर भागे।
उन्होंने राज्यभर के सभी क्लबों और रेस्टोरेंट्स का सुरक्षा ऑडिट कराने की आवश्यकता बताई।
