लालकुआं:: बिंदुखत्ता क्षेत्र के गौला रोड स्थित प्रेम ट्रेडर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में रखा सारा माल जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 150 से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटी और 40 लाख रुपये से ज्यादा की बैटरियां जलकर नष्ट हो गईं। कुल मिलाकर नुकसान एक करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार रात करीब ढाई बजे शोरूम से तेज धमाकों जैसी आवाजें आने लगीं। जांच में पता चला कि आग लगने के बाद शोरूम में रखी बैटरियां फट रही थीं। आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान स्वामी प्रेमनाथ पंडित को सूचना दी और फायर ब्रिगेड को बुलाया। सूचना मिलते ही हल्द्वानी से दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जो कि एक बड़ी राहत है। हालांकि, शोरूम पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। पुलिस और फायर विभाग की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस अग्निकांड से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में दहशत का माहौल है।
