हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के जयपुरिया स्कूल के पास हुई, जहां आग ने कुछ ही मिनटों में कार को जलाकर राख कर दिया। गनीमत रही कि कार सवार यात्रियों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
हरियाणा के कुछ यात्री हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी अचानक कार में आग लग गई। वाहन में मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि राहगीरों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और कार में लगे सीएनजी सिलेंडर को फटने से रोक लिया। अगर सिलेंडर फट जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल कर्मियों ने आग बुझा दी, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या सीएनजी लीकेज की आशंका जताई जा रही है।
