नैनीताल: नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के पांडेगांव में बर्ड फ्लू का पहला मामला सामने आया है। यहां एक छोटे से मुर्गीबाड़े में अचानक मुर्गियों की मौत के बाद पशुपालन विभाग ने जांच के लिए सैंपल भोपाल भेजे थे। जांच रिपोर्ट में एक मुर्गी में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, जिसके बाद विभाग सतर्क हो गया है।
बर्ड फ्लू का मामला सामने आते ही जिले में यूपी और ऊधमसिंह नगर से मुर्गियों की खरीद-फरोख्त पर पहले से जारी रोक को और कड़ा कर दिया गया है। पिछले महीने इन जिलों में बर्ड फ्लू के केस मिलने के बाद प्रशासन ने पोल्ट्री उत्पादों के परिवहन पर प्रतिबंध लगा दिया था।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरेश जोशी ने बताया कि पांडेगांव के मुर्गीबाड़े में 40 मुर्गियों की मौत हुई थी। बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पूरे मुर्गीबाड़े को सैनिटाइज कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी मुर्गीबाड़ों की नियमित सैंपलिंग की जाएगी। अगले तीन महीनों तक हर 15 दिन में सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
विभाग की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और किसी भी मुर्गी की असामान्य मौत पर तुरंत सूचना देने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
