उत्तराखंड: मसूरी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब देहरादून की ओर जा रही एक कार पानी वाले बैंड के पास अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री मसूरी से शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे।
हादसे में घायल लोगों की पहचान फरीद अकरम (42) निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली, रतन गॉड (48) निवासी टिहरी गढ़वाल, ओमप्रकाश जनार्दन (42) निवासी टिहरी गढ़वाल, मुकेश गॉड (31) निवासी टिहरी गढ़वाल और देशराज (29) निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर अचानक खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।
