गुजरात के राजकोट में फूड पॉइजनिंग की एक घटना सामने आई है। भवानी नगर इलाके में गुरुवार को एक निजी संस्था बोलबाला ट्रस्ट की ओर से लोगों को छाछ (बटर मिल्क) बांटी गई थी। छाछ पीने के कुछ देर बाद करीब 25 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हंगामा मच गया। कुछ बच्चों को गुंडावाड़ी के पद्मकुमारबा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी बच्चों का इलाज गुंडावाड़ी सरकारी अस्पताल और घर पर किया गया। इनमें से एक बच्चा, जयराज सिंह झाला, गंभीर हालत में था और उसे ICU में भर्ती किया गया।
राजकोट के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयेश वकानी ने बताया कि यह संस्था पहले भी सामाजिक सेवा कार्य करती रही है, लेकिन इस बार जो घटना हुई, उसकी जांच की जा रही है। फिलहाल छाछ के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, अभी सभी बच्चों की हालत स्थिर है। शुरुआती आशंका यही है कि बच्चों को छाछ पीने के बाद फूड पॉइजनिंग हुई।