उत्तराखंड: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत शनिवार शाम दिल्ली से देहरादून लौटते समय मेरठ के पास एमआईईटी कॉलेज के सामने सड़क हादसे का शिकार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, उनके काफिले की इनोवा कार आगे चल रही पुलिस एस्कॉर्ट वाहन से टकरा गई, जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत यह रही कि हरीश रावत पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें काफिले की दूसरी गाड़ी में बैठाकर आगे देहरादून रवाना किया गया।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा और एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि हादसा एस्कॉर्ट वाहन के अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा को पुलिस की मदद से एजेंसी में खड़ा कराया गया है।
घटना के बाद हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा—
“मैं पूरी तरह से ठीक हूं, चिंता की कोई बात नहीं है। गाड़ी को थोड़ा नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन मैं स्वस्थ हूं।”
