नैनीताल: उत्तराखंड के कुमाऊं दौरे पर पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार शाम कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद आशीर्वाद प्राप्त किया।
शाम 4:30 बजे मंदिर पहुंचने के बाद पूर्व राष्ट्रपति ने करीब 45 मिनट तक मंदिर परिसर में समय बिताया। इस दौरान उन्होंने ध्यान लगाया और बाबा के जीवन व मंदिर स्थापना से जुड़ी जानकारियां लीं।
मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने उन्हें बाबा नीब करौरी महाराज की जीवन यात्रा, मंदिर स्थापना की कथा और श्रद्धालुओं की आस्था के बारे में विस्तार से बताया।
साह ने बताया कि हर साल देश-विदेश से तीन लाख से अधिक श्रद्धालु कैंची धाम में दर्शन के लिए आते हैं।
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा – कैंची धाम में पहली बार आकर अत्यंत शांति और आध्यात्मिक सुकून मिला। बाबा का ध्यान लगाकर मन प्रसन्न हो गया।
पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर नैनीताल से कैंची धाम तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल ने पूरे मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी।
इस अवसर पर भुवन तिवारी सहित अन्य स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
