उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी और अभिनेत्री आरुषि निशंक के साथ 4 करोड़ रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो फिल्म निर्माताओं ने उन्हें फिल्म में लीड रोल और मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया।
मुंबई के निर्माता मानसी वरुण बागला और वरुण प्रमोद कुमार बागला ने आरुषि को फिल्म में मुख्य भूमिका देने और फिल्म की कमाई में 20% हिस्सेदारी देने का वादा किया। शर्त यह थी कि आरुषि को प्रोजेक्ट में 5 करोड़ का निवेश करना होगा। इतना ही नहीं, यह भी कहा गया कि अगर उन्हें स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई तो उनका पूरा पैसा 15% ब्याज के साथ वापस कर दिया जाएगा।
आरुषि को भरोसा दिलाने के लिए 9 अक्टूबर 2024 को हिमश्री फिल्म्स और मिनी फिल्म्स के साथ एक एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) भी साइन कराया गया। वादा करने के बाद 10 अक्टूबर 2024 को आरुषि ने पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद भी आरोपियों ने नए बहाने बनाकर और पैसे मांगे 19 अक्टूबर को ₹1 करोड़ 27 अक्टूबर को ₹25 लाख 30 अक्टूबर को ₹75 लाख कुल मिलाकर ₹4 करोड़ की ठगी कर ली गई।
जब लंबे इंतजार के बाद भी ना फिल्म बनी ना ही पैसा वापस मिला, तब आरुषि को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने देहरादून के कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने अब दोनों निर्माताओं के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।