
राजकोट/अहमदाबाद:
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का सोमवार को राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल आचार्य देवव्रत, और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
राजकीय शोक और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
गुजरात सरकार ने राजकीय शोक की घोषणा की और इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।, अहमदाबाद स्थित सिविल अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने वालों में कई कैबिनेट मंत्री, राज्यसभा सांसद, वरिष्ठ अधिकारी, और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार:
पूर्व सीएम रूपाणी को गार्ड ऑफ ऑनर और राजकीय श्रद्धांजलि दी गई।, शव की औपचारिक पहचान रविवार को डीएनए मिलान के जरिए हुई। सोमवार सुबह पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया, और दोपहर में राजकोट लाया गया।
अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को एक घंटे तक उनके घर पर रखा गया, जिसके बाद शाम को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया: पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का जीवन ईमानदारी, दूरदर्शी नेतृत्व और जन कल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
विमान हादसे में हुआ था निधन
पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी का निधन 12 जून को एअर इंडिया विमान हादसे में हुआ था, जिसमें 270 लोगों की मृत्यु हुई थी।
उनकी शिनाख्त डीएनए परीक्षण के माध्यम से हुई। इस संबंध में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रूपाणी के परिवार से मिलकर उन्हें औपचारिक जानकारी दी थी।