हल्द्वानी: शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को बरेली रोड पर हुए एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवती शहनाज की जान चली गई। बताया जा रहा है कि नैनीताल की ओर से आ रही एक इनोवा कार ने गांधी इंटर कॉलेज के पास सड़क पार कर रही शहनाज को जोरदार टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार के कारण युवती कार के बोनट से उछलकर कई फीट ऊपर जाकर सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
सिर में गंभीर चोट लगने से घायल शहनाज को तुरंत एसटीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई लईक अहमद, जो ई-रिक्शा चालक हैं, ने बताया कि उनकी बहन गुल्लक खरीदने के लिए घर से निकली थी और लौटते समय सड़क पार करते हुए हादसे की शिकार हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि तहरीर देने के बावजूद मेडिकल चौकी पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के जरिए हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
