लालकुआं/हल्द्वानी: मोटाहल्दू क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 10 की एक छात्रा स्कूल से घर लौटते वक्त अचानक लापता हो गई। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब काली मंदिर के पास झाड़ियों में छात्रा की स्कूल ड्रेस बरामद हुई। घटना के बाद परिजनों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में सनसनी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा रोज की तरह छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थी। उसे घर पहुंचने के लिए सुनसान रास्ते से गुजरना पड़ता था। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट पर कर दिया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तेजी से काम करते हुए महज 5 घंटे के भीतर 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल डाले। तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने छात्रा की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस कर ली।
एसएसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष पुलिस टीम दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई। पुलिस के अनुसार छात्रा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे जल्द ही सकुशल वापस लाकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। इस पूरे ऑपरेशन में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी अमित सैनी, लालकुआं कोतवाली प्रभारी बृजमोहन राणा सहित टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वायड टीम ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस का कहना है कि बच्ची की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता थी और उसी को ध्यान में रखते हुए तेजी से कार्रवाई की गई। इस घटना में नैनीताल पुलिस की तत्परता और प्रोफेशनल कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
