हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने इस संबंध में एक टेलर के खिलाफ अपहरण की तहरीर देकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अमरावती कॉलोनी निवासी युवती 26 फरवरी को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों का कहना है कि युवती स्कूल के बाद पास में ही एक टेलर की दुकान पर सिलाई सीखने जाती थी। उन्हें पीलीभीत निवासी एक व्यक्ति पर शक है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि युवती उसी के साथ गई हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी आयु की पुष्टि के लिए स्कूल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि युवती बालिग है, इसलिए उसे बरामद करने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
