नैनीताल: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित नैनीताल यात्रा की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को राजभवन नैनीताल में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के भ्रमण को गरिमामय, भव्य और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है, इसलिए सभी अधिकारी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने कार्यों को अंतिम रूप दें
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू राजभवन नैनीताल के 125 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगी। इसके अलावा वे कुमाऊँ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी तथा कैंचीधाम मंदिर में बाबा नींब करौली महाराज के दर्शन भी करेंगी।
बैठक में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, प्रबंध निदेशक केएमवीएन विनीत तोमर, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, कुलपति कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रो. दीवान सिंह रावत, तथा पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

