देहरादून: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर और उत्तराखंड की बेटी स्नेह राणा के विश्व कप जीतकर देहरादून लौटने पर एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से सजे स्वागत समारोह में लोगों ने भारत माता की जय और स्नेह राणा जिंदाबाद के नारे लगाए।
देहरादून की सनौला निवासी स्नेह राणा ने एयरपोर्ट पर कहा कि, यह जीत पूरे देश की मेहनत और टीम इंडिया के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विश्व कप के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति से मुलाकात करना उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा।
स्नेह को लेने एयरपोर्ट पहुंचे उनके बड़े भाई कमल राणा और भाभी ऋचा राणा ने बताया कि स्नेह ने विश्व कप के लिए कड़ी मेहनत की थी। चोट लगने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और भारत को चैंपियन बनाया। उन्होंने कहा कि स्नेह ने न सिर्फ देश, बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्नेह राणा को फोन पर बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि, स्नेह राणा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उनका संघर्ष और सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और अवसर देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
स्नेह राणा ने मुख्यमंत्री और राज्यवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वह आगे भी देश और उत्तराखंड का नाम ऊंचा करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करती रहेंगी।
