देहरादून: उत्तराखण्ड शासन ने गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर घोषित सार्वजनिक अवकाश की तिथि में संशोधन कर दिया है। पहले यह अवकाश 24 नवंबर को निर्धारित था, लेकिन अब सरकार ने इसे बदलकर 25 नवंबर 2025 कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में लागू रहेगा।
हालांकि, उत्तराखण्ड सचिवालय, विधानसभा और पाँच-दिवसीय कार्य-सप्ताह वाले कार्यालय इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे और वहाँ यह बदलाव प्रभावी नहीं होगा।
सरकार ने पहले 30 दिसंबर 2024 को जारी अधिसूचना में 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस के रूप में दर्शाया था। नए आदेश में उसी को संशोधित करते हुए अवकाश की तिथि एक दिन आगे बढ़ाई गई है। शासन के अनुसार अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।
यह संशोधित आदेश सचिव विनोद कुमार सुमन द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित कर जारी किया गया है।

