प्रतीकात्मक तस्वीर.
प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी: दमुवाढूंगा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां किराये के मकान में रह रही 27 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले के बेड़ीनाग क्षेत्र की रहने वाली उर्मिला पिछले करीब तीन वर्षों से बैड़ीखत्ता, दमुवाढूंगा में किराये के मकान में रह रही थी। शनिवार शाम अज्ञात कारणों के चलते उसने सल्फास खा लिया। जहर खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसने खुद ही परिजनों को फोन कर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रात में उसकी मौत हो गई।
रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद काठगोदाम पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। उर्मिला अपने पीछे एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
