हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की ईंट से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मलिक का बगीचा निवासी इंतजार हुसैन (58) का अपनी पत्नी शाहीन (52) से गुरुवार दोपहर खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में इंतजार ने घर में रखी ईंट से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया। गंभीर हालत में शाहीन को परिजन सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। देर रात उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
वारदात के समय आरोपी की नातिन भी मौके पर मौजूद थी, जिसने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। घटना के बाद इंतजार मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इंतजार ने घरेलू कलह और पत्नी के चरित्र पर शक को हत्या की वजह बताया है। मृतका की बेटी रूखसार की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
