हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ मारपीट की। आरोपी पहले भी छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका है और इन दिनों जमानत पर बाहर था। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि युवक लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी जावेद डेढ़ साल पहले उनकी बेटी को प्रेम जाल में फंसाने का प्रयास कर रहा था। दोस्ती के बहाने उसने शादी का दबाव बनाया और रास्ते में छेड़छाड़ करने लगा। जून 2023 में लड़की ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद आरोपी पर छेड़खानी और पीछा करने का मामला दर्ज किया गया और उसे जेल भेज दिया गया।
जमानत पर रिहा होने के बाद से जावेद लड़की पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। शनिवार को, जब पीड़िता अपनी बहनों के साथ घर पर थी, आरोपी छत के रास्ते घर में घुस आया और लड़की से अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने लड़की के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई।
मामले में बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि आरोपी जावेद के खिलाफ जबरन घर में घुसने और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कोर्ट से उसकी जमानत रद्द करने के लिए प्रार्थना पत्र भी भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।