हल्द्वानी:डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग एक रोडवेज बस चालक को महंगा पड़ गया। लूट की झूठी सूचना देने पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का चालान काट दिया। वहीं मारपीट के मामले में ऑल्टो चालक समेत एक अन्य व्यक्ति पर भी पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर वाहन सीज कर दिया गया।
घटना शुक्रवार 2 जनवरी की है। डायल 112 पर ब्रज किशोर नाम के व्यक्ति ने सूचना दी कि टांडा जंगल क्षेत्र में एक ऑल्टो कार चालक ने बस के आगे वाहन लगाकर उसके साथ मारपीट की और पैसे लूट लिए। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आई और कंट्रोल रूम के जरिए आसपास के क्षेत्रों को अलर्ट किया गया।
पुलिस ने रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास ऑल्टो कार को रोक लिया और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी लाया गया। मामले की जांच के दौरान रोडवेज बस में सवार यात्रियों से पूछताछ की गई। यात्रियों ने बताया कि टांडा बैरियर के पास यूपी रोडवेज बस और ऑल्टो कार के बीच हल्की टक्कर हुई थी।
जांच में लूट की सूचना पूरी तरह गलत पाई गई। पुलिस ने पाया कि बस चालक द्वारा झूठी सूचना देकर आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग किया गया था। इस पर बस चालक के खिलाफ 5 हजार रुपये का चालान किया गया।
वहीं दोनों पक्षों के बीच मारपीट की पुष्टि होने पर ऑल्टो चालक सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायल 112 जैसी आपात सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
