हल्द्वानी: रविवार को तहसील हल्द्वानी के ग्राम नवाड़ खेड़ा में कृषक ललित मेहरा के खेत में धान की फसल की क्रॉप कटिंग में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया।
जिलाधिकारी रयाल ने बताया कि क्रॉप कटिंग से फसल उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाए जाते हैं, जो किसानों के हित में सरकार द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के आधार पर कृषि नीति, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), खाद्यान्न भंडारण और आयात-निर्यात नीतियों का निर्माण किया जाता है।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान फसल नुकसान की स्थिति में राहत राशि वितरण और सांख्यिकी सर्वेक्षण में भी यही आंकड़े उपयोग में लाए जाते हैं।
इस अवसर पर तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे, स्थानीय किसान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
