हल्द्वानी: कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में स्वच्छता अभियान, शीतकालीन तैयारी, अवैध अतिक्रमण, अवैध खनन रोकथाम तथा होम स्टे योजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कई सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी प्रवेश द्वारों, सार्वजनिक स्थलों और झीलों के आसपास कहीं भी कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए।
कूड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी उन्होंने सभी निकायों को स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारियों को प्रतिदिन एक वार्ड का स्वयं निरीक्षण करने का आदेश दिया गया।
जो सफाई कर्मचारी या पर्यावरण मित्र लगातार लापरवाही कर रहे हैं, उनके खिलाफ सेवा समाप्ति या सेवानिवृत्ति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सभी सफाई कर्मचारियों को मास्क, ग्लव्ज, बूट और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निकाय अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता दें और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करें।
शीतकालीन तैयारी के निर्देश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी ने आदेश दिए कि—
रैनबसेरों में बिस्तर, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और हीटर पूरी तरह दुरुस्त हों।
ठंड बढ़ने पर नगर के प्रमुख चौराहों में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए।
गरीब और निराश्रित लोगों के लिए कंबल वितरण सुनिश्चित हो।
सभी SDM और नगर निकायों को निर्देश दिए कि बाजार, नालियों और फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।
जहां सड़क चौड़ी होनी है, वहां अतिक्रमण हटाने और विद्युत पोल शिफ्ट करने का कार्य तेज करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी SDM और खान अधिकारी को खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी के निर्देश दिए और कहा कि जिले में कहीं भी अवैध खनन की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
होम स्टे योजना की समीक्षा
जिलाधिकारी ने कहा कि होम स्टे सरकार की महत्वपूर्ण योजना है और इसका लाभ केवल पात्र लोगों को मिले।
जो होम स्टे मानकों पर खरे नहीं उतरते—
-
मालिक निवास नहीं करता
-
पार्किंग नहीं है
उनके पंजीकरण निरस्त किए जाएंगे।
साथ ही उन्होंने पर्यटन विभाग को निर्देश दिया कि होम स्टे में स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए।
वेडिंग डेस्टिनेशन और पर्यटन विकास
जिले में नए वेडिंग डेस्टिनेशन चिह्नित कर उन्हें विकसित करने और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित सभी उपजिलाधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे।
