हल्द्वानी: काठगोदाम थाना क्षेत्र में चंबलपुल के पास पुरानी रंजिश के चलते जिम संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। तीन युवकों ने उसे घेरकर पहले मारपीट की और फिर टूटी हुई बोतल से गर्दन पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर उपचाराधीन है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी नारायण सिंह धामी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा लोकेश सिंह धामी चंबलपुल के पास जिम चलाता है। शुक्रवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे तीन युवक वहां पहुंचे और उसे घेरकर हमला कर दिया। हमलावरों ने गर्दन पर बोतल से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले लोकेश की एक ट्रक चालक से कहासुनी हो गई थी। ट्रक की टक्कर से उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और ट्रक चालक ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। इसी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया।
काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि मामले में विजय मेहता, लोकपाल और भास्कर गंगोला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
घायल जिम संचालक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
