हल्द्वानी: शहर में बदहाल सड़कों और आबादी के बीच दौड़ रहे भारी वाहनों ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। रानीबाग से स्कूटी पर लौट रहे 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की पसंचक्की रोड अंबिका विहार के पास ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुरेश चंद्र पांडे किसी की अंत्येष्टि में शामिल होकर शांति नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। सड़क पर सीवर लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढों के कारण उन्हें ट्रक से पास लेना पड़ा और इसी दौरान वह उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने हेलमेट भी पहना था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी जान नहीं बचा सका।
स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने घटना के लिए USDDA को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि पिछले दो महीनों से सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदे गए हैं और बार-बार सूचना देने के बावजूद उन्हें बंद नहीं किया गया। विधायक सुमित हृदयेश ने भी परियोजना प्रबंधक से फोन पर बात कर नाराजगी जताई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
मृतक सुरेश चंद्र पांडे सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और शांति नगर में पत्नी लता पांडे के साथ रहते थे। उनकी दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
चक्की चौराहा से दोनहरिया तिराहा के मध्य सड़क पर निर्माण कार्य होने के कारण दिनांक 23.02.2026 से कार्य समाप्ति तक निम्न प्रकार से वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
◼️ काठगोदाम/हाइडिल तिराहा से पुराना फायर स्टेशन तिराहा होते हुए पंचक्की चौराहा की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहन पुराना फायर स्टेशन तिराहा/हाइडिल तिराहा से डायवर्ट होकर शहर हल्द्वानी की ओर जाएंगे।
◼️ पंचक्की चौराहा से दोनहरिया तिराहा होते हुए शहर हल्द्वानी की ओर जाने वाले अन्य समस्त प्रकार के वाहन पंचक्की चौराहा से डायवर्ट होकर चंबल पुल से चौंफला चौराहा होते हुए ऊंचापुल से अपने गंतव्य को जाएंगे।
◼️शहर हल्द्वानी से दोनहरिया तिराहा होते हुए पंचक्की चौराहा की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहन सीधे पंचक्की की ओर जाएंगे।
◼️ पंचक्की चौराहा से दोनहरिया तिराहा तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
