
हल्द्वानी के बिंदुखत्ता क्षेत्र के पश्चिमी राजीव नगर में बुधवार सुबह एक जंगली सुअर घुस आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान उसने घर में तोड़फोड़ की और एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
घटना सुबह करीब 6:30 बजे देशराज के मकान में हुई, जब अचानक जंगली सुअर घर के अंदर घुस गया। उसने टीवी तोड़ दिया और कमरे में रखा अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी दौरान उसने पप्पू सिंह की पत्नी रेशमी बाई पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही तराई पूर्वी वन प्रभाग के डीएफओ के निर्देश पर उप प्रभागीय वनाधिकारी ने वन विभाग की टीम भेजी। टीम ने पिंजरा लगाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुअर को पकड़ लिया। बाद में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
इलाके के लोगों ने वन विभाग से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हमलों से बचा जा सके।