हल्द्वानी: एसडीएम राहुल शाह ने बुधवार देर शाम छड़ायल नायक क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से खोदे जा रहे बेसमेंट के कार्य पर तुरंत रोक लगा दी। निरीक्षण के दौरान मौके पर एक जेसीबी मशीन और एक डंपर अवैध खुदाई में लिप्त पाए गए, जिन्हें तत्काल सीज कर दिया गया। प्रशासन ने कुल 2.30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को छड़ायल नायक इलाके में जेसीबी से अवैध बेसमेंट निर्माण की शिकायत मिली थी। डीएम के आदेश पर पहुंचे एसडीएम शाह ने दोनों वाहनों को कार्रवाई में पकड़ते हुए जेसीबी पर 2 लाख रुपये और डंपर पर 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
इसके साथ ही भू-स्वामी पर भी 1.40 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
