हल्द्वानी : हल्द्वानी से लापता हुए तीन नाबालिग स्कूली छात्रों को नैनीताल पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खोज निकाला। इस तेज कार्रवाई से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस की सक्रियता की भी सराहना हो रही है।
शनिवार 28 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हल्द्वानी के एक स्कूल में पढ़ने वाले तीन बच्चे सुबह घर से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। बच्चों के हुलिए की जानकारी सभी थाना क्षेत्रों, चेकपोस्ट और बैरियरों तक पहुंचाई गई। साथ ही सोशल मीडिया और वायरलेस के जरिए भी सूचना प्रसारित की गई।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से बच्चों की लोकेशन ट्रेस की गई और रामनगर पुलिस के सहयोग से उन्हें वहां से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि बच्चे किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित थाने लाकर आवश्यक काउंसलिंग की और परिजनों को सूचना दी।
थाने पहुंचे परिजनों ने बच्चों को सकुशल देखकर पुलिस का आभार जताया। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
