हल्द्वानी: काठगोदाम क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय छात्रा दिव्या आर्या ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वह एमबीपीजी कॉलेज की फाइनल ईयर की छात्रा थी और पढ़ाई में भी अच्छी मानी जाती थी।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम दिव्या ने अपने परिवार के साथ सामान्य तरीके से खाना खाया और फिर अपने कमरे में चली गई। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ देर बाद उसने अपने एक करीबी दोस्त को अचानक अपने मोबाइल का पासवर्ड मैसेज कर दिया। इस तरह का मैसेज मिलने के बाद युवक को शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है।
युवक ने तुरंत दिव्या को कॉल करना शुरू किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बताया जा रहा है कि उसने करीब 40 बार कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। घबराकर वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। दिव्या फंदे से लटकी हुई थी।
परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
दिव्या अपने परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। करीब एक साल पहले उसके पिता का निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहा था। मां मजदूरी करके चारों बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी। ऐसे में दिव्या की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दिव्या का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर उसने मौत से पहले अपने दोस्त को मोबाइल का पासवर्ड क्यों भेजा और इसके पीछे की असली वजह क्या थी।
