हल्द्वानी: शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्था पर नकेल कसने के लिए नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार शाम को एरोड्रम रोड, तिकोनिया चौराहा और ठंडी सड़क क्षेत्र में सख़्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। निगम टीम ने मौके से एक ट्रॉली सामान भी जब्त किया।
अभियान के बीच उस समय हड़कंप मच गया जब टीम ने एक टैक्सी ड्राइवर को कार के भीतर बैठकर शराब पीते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ में ड्राइवर ने सफाई दी कि घर में बच्चे रहते हैं, इसलिए वह गाड़ी के भीतर बैठकर शराब पीता है। हालांकि, अधिकारियों ने उसकी इस हरकत को गंभीर मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई। बताया गया कि ड्राइवर शराब की बोतल (पव्वा) लेकर कार से बाहर भी उतर आया था।
नगर निगम अधिकारियों ने साफ कहा कि शहर की सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि फुटपाथ पैदल राहगीरों की सुविधा और महिला सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या नियम तोड़ने की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और टैक्सी यूनियन से भी अपील की कि वे नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से बचें।
