हल्द्वानी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने शुक्रवार को अचानक कोतवाली हल्द्वानी स्थित पुलिस मैस (भोजनालय) का निरीक्षण किया और जवानों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने मैस के भोजन मेनू, खाना बनाने की प्रक्रिया और रसोई की स्वच्छता का विस्तृत जायजा लिया।
एसएसपी ने मैस में उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और भोजन को संतोषजनक पाया। उन्होंने मैस प्रभारी को निर्देशित किया कि जवानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला भोजन सुनिश्चित किया जाए तथा साप्ताहिक विशेष मेनू तैयार किया जाए, जिससे भोजन में विविधता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने साफ-सफाई, समय पर भोजन परोसने और मैस परिसर में आवश्यक सुधार व मॉडर्नाइजेशन करने के भी निर्देश दिए।
डॉ. मंजुनाथ का यह औचक निरीक्षण पुलिसकर्मियों के बीच चर्चा का विषय बन गया और जवानों के लिए प्रोत्साहन एवं मनोबल बढ़ाने वाला कदम साबित हुआ।
