हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल से मां की दवा लेकर लौट रहे बाइक सवार युवक की मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। रामपुर रोड पर मारुति कार शोरूम के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रावतनगर बिंदुखत्ता निवासी जगमोहन सूंठा (39 वर्ष), पुत्र देवीदत्त के रूप में हुई है। वह बैंक की कैश वैन का चालक था।
सूचना पर टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीसीटीवी फुटेज से मिला ट्रक का सुराग
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि हादसे के बाद चालक ट्रक को कुछ दूरी पर खड़ा कर फरार हो गया। फिलहाल वाहन स्वामी पुलिस चौकी पहुंच गया है, लेकिन अभी तक औपचारिक तहरीर दर्ज नहीं हुई है।
कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद की जाएगी।
