हल्द्वानी: हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत उपनल कर्मियों को पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से ये कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट में फँस गए हैं और मानसिक तनाव भी झेल रहे हैं।
कर्मियों की इस परेशानी को देखते हुए हल्द्वानी के समाजसेवी आगे आए हैं। समाजसेवी हेमंत गोनिया, मयंक शर्मा, गुंजन बोरा, कविता बिष्ट, रुपा अधिकारी, हेमा गोनिया, खष्टी बिष्ट, पूजा बिष्ट, दीपक शर्मा, जगमोहन वगडवाल, अमर सिंह जीना और शुभम जीना ने मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं को ज्ञापन भेजा है।
समाजसेवियों ने मांग की है कि उपनल कर्मियों को तुरंत वेतन भुगतान कर उन्हें आर्थिक राहत दी जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद जब इन कर्मियों को न्याय नहीं मिल सका, तो अब सरकार को गंभीरता से हस्तक्षेप करना चाहिए।
अब देखना यह होगा कि समाजसेवियों का यह प्रयास उपनल कर्मियों की समस्या को कितना हल कर पाता है।
