हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खरीदारी करने निकले शिक्षक को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह हवा में उछलकर कार के शीशे से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, रॉयल एन्क्लेव गली नंबर आठ निवासी उत्तम सिंह परवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके दामाद महेंद्र सिंह चकलुवा, जो चंपावत के मूल निवासी हैं और इस समय मुखानी क्षेत्र में रहते हैं, सरकारी स्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार की शाम वह परिवार के साथ घरेलू सामान की खरीदारी के लिए बाजार गए थे।
बताया गया कि जब वह एक दुकान में प्रवेश करने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक उछलकर कार के शीशे से टकराए और सड़क किनारे गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित के परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से कार की पहचान कर ली है और मुखानी पुलिस को तहरीर सौंपी है।
थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
