प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी: काठगोदाम थाना क्षेत्र के दमुवाढूंगा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब जंगल में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका की पहचान 49 वर्षीय पुष्पा, निवासी भोटिया पड़ाव, के रूप में हुई है।
बुधवार दोपहर पुष्पा दवाई लेने घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। चिंतित परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच पुष्पा के बेटे को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि पुष्पा को दमुवाढूंगा की ओर जाते हुए देखा गया है।
इसके बाद पुलिस और परिजनों ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की। देर शाम महिला जंगल के पास बेहोशी की हालत में मिलीं। उन्हें तुरंत नैनीताल रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच
प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है, पुष्पा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पुलिस ने उनके कॉल डिटेल्स खंगालने और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।
इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पुष्पा की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
