हल्द्वानी: हल्द्वानी में ननद-भाभी के बीच चल रहे आपसी विवाद ने शुक्रवार शाम खतरनाक मोड़ ले लिया। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद भाभी ने अपनी ननद पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौकी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, हाथीखाल किशनपुर सकुलिया गांव की पुष्पा देवी और उनकी भाभी दीपा देवी के बीच कई दिनों से तकरार चल रही थी। शुक्रवार को दीपा देवी कपड़े में चाकू छिपाकर आई और कहासुनी के दौरान पुष्पा देवी के पेट में वार कर दिया।
गंभीर हालत में परिजनों ने पुष्पा देवी को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में परिवारजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दीपा देवी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद स्थानीय महिलाओं में दहशत फैल गई है और बड़ी संख्या में महिलाएं थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का परिवार हाल ही में पहाड़ से आकर मोतीनगर सकुलिया में बसा है। दोनों के घर आस-पास ही बने हुए हैं।
