हल्द्वानी: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में प्री-एसआईआर के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नामों का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान (मैपिंग) किया जा रहा है। अब तक लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
जो मतदाता इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर एवं नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ने मतदान केंद्रवार विशेष शिविर आयोजित करने का कार्यक्रम जारी किया है। तय तिथियों पर संबंधित बूथों में कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां मतदाता अपना सत्यापन करवा सकते हैं। सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को पूर्व तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और क्षेत्रीय पार्षदों से भी समन्वय स्थापित कर शिविरों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने को कहा गया है। बूथ स्तर पर गठित मतदाता जागरूकता समूहों को भी सक्रिय किया गया है ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए।
शिविरों की निगरानी के लिए सहायक नगर आयुक्त, नायब तहसीलदार और तहसीलदार हल्द्वानी को अलग-अलग केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर मजिस्ट्रेट स्वयं भी समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण करेंगे।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर अपना सत्यापन कराएं और जब बीएलओ घर पर संपर्क करें तो आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। विशेष रूप से वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज अपने या परिवार के किसी सदस्य के विवरण साझा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रह सके और वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
