हल्द्वानी:: कुमाऊं की आर्थिक राजधानी हल्द्वानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलने जा रही है। आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। इस सेवा का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने कर-कमलों से करेंगे।
उद्घाटन समारोह प्रातः 9 बजे सर्किट हाउस काठगोदाम, हल्द्वानी में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सिटी बस सेवा यात्रियों के लिए सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल और किफायती होगी। इस सेवा से शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। बसें आधुनिक तकनीक से लैस होंगी और सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा।
सिटी बस सेवा के शुभारंभ के बाद हल्द्वानी शहर में आवागमन और अधिक सुगम और व्यवस्थित हो जाएगा। यह सेवा न केवल ट्रैफिक के दबाव को कम करेगी बल्कि निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने में भी मददगार साबित होगी।
