हल्द्वानी: सस्ते दाम पर ऑनलाइन सामान खरीदने की कोशिश एक महिला के लिए भारी पड़ गई। बेड़ापोखरा पंचायतघर निवासी महिला ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सलवार सूट तो खरीद लिया, लेकिन फिट नहीं आने पर जब वह सामान वापस करने लगी तो उसे साइबर ठगी का शिकार होना पड़ा। खाते से 1,49,775 रुपये कट गए, जिससे महिला आर्थिक रूप से प्रभावित हुई। घटना के बाद हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को जांच सौंप दी है।
महिला ने 5 अगस्त को ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट मीशो से एक लेडीज सूट ऑर्डर किया। सामान घर पहुंचने पर उसे पसंद नहीं आया। 12 अगस्त को उसने गूगल पर मीशो कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजा और फोन कर संपर्क किया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने महिला से व्हाट्सएप पर बात की और स्क्रीन शेयर करने को कहा। इसके बाद मोबाइल पर कुछ क्लिक कराकर खाते की जानकारी ली और बैंक खाते से पैसे निकाल लिए।
कथित कस्टमर केयर एजेंट ने महिला से मोबाइल पर स्क्रीन शेयर कराकर खाते का पहला पाँच अक्षरों तक पूछ लिया। इसके बाद चार बार में कुल 1,49,775 रुपये महिला के खाते से निकाल लिए। चौंकाने वाली बात यह रही कि इतने लेन-देन के बावजूद मोबाइल पर बैंक से कोई मैसेज नहीं आया। जब महिला ने अपना अकाउंट चेक किया तो वह खाली पाया।ई
घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पुलिस लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।
