हल्द्वानी: लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह पेयजल लाइन के लीकेज ने शहर की मुख्य सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। नैनीताल रोड, रामपुर रोड समेत कई मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। इस स्थिति पर कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को अधिकारियों संग मौके का निरीक्षण किया और जिम्मेदार विभागों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खस्ताहाल सड़कें देखकर कमिश्नर ने नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तुरंत कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि फिलहाल बरसात के मौसम में सड़कों का अस्थायी रूप से मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आमजन को परेशानी न हो।
कमिश्नर ने साफ कहा कि सितंबर तक बरसात जारी रहती है, इसलिए फिलहाल गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की त्वरित मरम्मत की जाए। वहीं बरसात खत्म होते ही सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को पूरी तरह से दुरुस्त करने का आदेश जिलाधिकारियों को भी दिया गया है।
