हल्द्वानी: हल्द्वानी की स्वाती जोशी ने एक बार फिर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें वर्ल्ड कांग्रेस ऑन क्लाइमेट चेंज एंड इट्स इफेक्ट्स की अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय शोधार्थी अवार्ड से सम्मानित किया गया।
स्वाती डी.एस.बी. कैम्पस, कुमाऊं यूनिवर्सिटी नैनीताल के जंतु विज्ञान विभाग की शोध छात्रा हैं और वर्तमान में प्रो. हरीश चंद्र सिंह बिष्ट एवं प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के निर्देशन में पीएचडी कर रही हैं। उन्होंने सम्मेलन में “भारतीय मेजर कार्प में पाए जाने वाले बैक्टीरिया की पहचान और पृथक्करण” विषय पर शोध प्रस्तुति दी, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. दीवान एस. रावत, कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंदरवाल, निदेशक प्रो. ललित तिवारी सहित कई शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई दी। विश्वविद्यालय परिवार ने भी स्वाती की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
गौरतलब है कि स्वाती को इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।
