हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक मजदूर की गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लाया गया, लेकिन कथित तौर पर उसे समय पर भर्ती नहीं किया गया। आरोप है कि महिला को फर्श पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा।
परिवार का कहना है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ ने प्रसूता की मदद करने से इनकार कर दिया। इस दौरान महिला दर्द से कराहती रही और स्टाफ मूकदर्शक बना रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वहीं, आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने आशा वर्कर के साथ भी अभद्रता की और सफाई का काम उसी से करने को कहा।
इस मामले पर सीएमओ आर.के. सिंह का कहना है कि महिला को रात में एडमिट किया गया था और डिलीवरी भी अस्पताल में ही हुई। उन्होंने इसे आशा वर्कर की साजिश बताते हुए कहा कि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
